बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
खेत में धान देखने गई थी मीरा, पोल से टूटकर गिरा था तार
सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के पटेहरा गांव में बुधवार सुबह 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आने से 32 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों ने बिजली विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार पटेहरा निवासी मीरा (32) पत्नी बच्चा यादव प्रतिदिन की तरह सुबह घर के पीछे खेत में धान की फसल देखने गई थी। खेत में पहले से ही पोल से टूटकर 11 हजार एलटी लाइन का तार गिरा हुआ था, जिसकी चपेट में वह आ गई। परिजनों ने बताया कि पोल से चिंगारी और कट-कट की आवाज आने लगी, शोर सुनकर परिजन दौड़े तो महिला तार में फंसी पड़ी थी। आसपास के लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी, विभाग ने लाइन काटी तब परिजन महिला को मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं – दो बेटे और एक बेटी। खेती और पशुपालन से परिवार का भरण-पोषण होता था। पीड़ित परिवार ने मामले में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।वहीं समाजवादी पार्टी के घोरावल पूर्व विधायक रमेश चंद दुबे ने बताया कि पूर्व में भी कई बार बिजली पोल व तार टूट चुके हैं कई मवेशियों की मौत भी हो चुकी है इस संदर्भ में ग्रामीणों ने बिजली विभाग को भी सतर्क किया था मगर उनके बाद भी लापरवाही की गई जिससे कि आज जनहानि हुई है भाजपा सरकार में पूरा तंत्र भ्रष्ट हो चुका है कोई भी सरकारी अमला जनमानस के हित की को लेकर कार्य नहीं कर रहा है।






