चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह आवारा पशु से बचने के प्रयास में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक सवार दरोगा राकेश सिंह और कांस्टेबल रविंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पुलिसकर्मियों को राहगीरों की मदद से निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।
जानकारी के अनुसार, दरोगा राकेश सिंह और कांस्टेबल रविंद्र सिंह रविवार सुबह करीब नौ बजे मोटरसाइकिल से नौगढ़ से चकिया की ओर किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक आवारा पशु मोटरसाइकिल के सामने आ गया। पशु से बचने के प्रयास में चालक ने बाइक पर नियंत्रण खो दिया और मोटरसाइकिल सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल निजी वाहन से नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही नौगढ़ पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. सत्या ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सक के अनुसार, दरोगा राकेश सिंह के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं कांस्टेबल रविंद्र सिंह की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस की मदद से उन्हें वाराणसी भेजा गया। घटना के बाद पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य को लेकर विभागीय अधिकारी भी जानकारी लेते रहे।







