म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर विकासखंड के ग्रामीण अंचलों में लगातार हो रही बारिश और मौसम में बदलाव के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। इन दिनों प्रतिदिन करीब 400 मरीज उपचार के लिए सीएचसी पहुंच रहे हैं। बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी, उल्टी-दस्त, पेट दर्द और कमजोरी से पीड़ित मरीज अधिक देखे जा रहे हैं। मौसम में उतार-चढ़ाव और जलभराव के कारण वायरल, जलजनित एवं मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।सीएचसी अधीक्षक डॉ. शिशिर श्रीवास्तव ने बताया कि बरसात के मौसम में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। साफ पानी का सेवन करें और आसपास स्वच्छता बनाए रखें। बीमारी के लक्षण दिखने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराएं। शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव बिंद ने कहा कि बारिश के दिनों में बच्चों को संक्रमण से बचाने के लिए विशेष सावधानी जरूरी है। बच्चों को दूषित पानी और खुले खाद्य पदार्थों से बचाएं तथा तेज बुखार या उल्टी-दस्त होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। वहीं डॉ. पल्लवी सिन्हा ने मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए घरों के आसपास पानी जमा न होने देने और मच्छरदानी के प्रयोग की सलाह दी।






