नौगढ़ में किराने की दुकान में अचानक लगी आग, दुकानदार समेत पांच लोग झुलसे

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के औरवाटांड़ गांव में शुक्रवार को एक किराना दुकान में आग लग गई। इस घटना में दुकानदार समेत पांच लोग झुलस गए। आग से दुकान में रखा लाखों का सामान जलकर नष्ट हो गया। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, औरवाटांड़ गांव निवासी मोतीलाल की किराना दुकान उनके घर से कुछ दूरी पर स्थित है। शुक्रवार सुबह मोतीलाल रोज की तरह दुकान खोलकर बैठे थे, तभी अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और दुकान में रखा सामान जलने लगा।

आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी डालकर और मिट्टी फेंककर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर होती गई। इसी दौरान आग बुझाने में जुटे लालजी, रामचेला, सुजीत, अमरेश और दुकानदार मोतीलाल आग की लपटों की चपेट में आकर झुलस गए।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान संतराम यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर सभी घायलों को नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया।

नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. चंद्रा ने बताया कि आग से झुलसे पांच लोगों का उपचार किया गया है। उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है, हालांकि एहतियातन उन्हें निगरानी में रखा गया है।

घटना की जानकारी मिलने पर राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। लेखपाल अतुल कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आग से हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। राजस्व विभाग मामले की जांच कर रहा है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1545
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?