राजन
मीरजापुर(उत्तर प्रदेश)। विंध्यवासिनी महाविद्यालय, भरूहना में आज विज्ञान संकाय के तत्वावधान में फ्रेशर्स-कम-फेयरवेल समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का आत्मीय स्वागत करना तथा स्नातक अंतिम सेमेस्टर उत्तीर्ण कर महाविद्यालय से विदा ले रहे छात्र-छात्राओं को भावभीनी शुभकामनाओं के साथ सम्मानपूर्वक विदाई देना था।
कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को औपचारिक रूप से प्रारम्भ किया गया।
छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रवीण कुमार सेठी ने नवागंतुक विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम और उत्कृष्टता के साथ अपने शैक्षणिक जीवन को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। वहीं विदा ले रहे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता अर्जित करने का संदेश दिया गया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। समूह नृत्य, एकल नृत्य, गीत, संगीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्साह, उल्लास और उमंग से भर दिया। उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने प्रतिभागियों का तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन आयुषी एवं अमृतांश द्विवेदी के द्वारा किया गया।






