प्रदूषण के प्रभाव और शाश्वत विकास पर जुटेंगे सामाजिक कार्यकर्ता
म्योरपुर / सोनभद्र। स्थानीय ब्लॉक के गोविंदपुर स्थित बनवासी सेवा आश्रम में आज और कल दो दिवसीय ग्राम स्वराज सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें पंचायतों को मजबूत बनाने, ग्राम स्वराज, शाश्वत विकास और प्रदूषण के प्रभावों पर चर्चा होगी।
बनवासी सेवा आश्रम की मंत्री शुभा प्रेम की ओर से जारी आमंत्रण के अनुसार सम्मेलन का मुख्य विषय पंचायतराज से ग्राम स्वराज व शाश्वत विकास तथा प्रदूषण प्रभाव की वर्तमान स्थिति रखा गया है। मुख्य अतिथि के रूप में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व डीन प्रो. संजय सिंह, तीसरी सरकार के संस्थापक प्राण और सर्व सेवा संघ के अरविंद अंजुम शामिल होंगे।
पहले दिन आज ग्राम स्वराज संगठन की रिपोर्ट और अनुभव साझा किए जाएंगे। साथ ही प्रदूषण की वर्तमान स्थिति और मानव स्वास्थ्य पर उसके प्रभाव, एनजीटी के आदेशों और ग्राम स्वराज संगठन की भूमिका पर चर्चा होगी।
दूसरे दिन ग्राम प्रतिनिधियों के अनुभव, लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका, ग्राम स्वराज के आधारभूत तत्वों और लोक सेवकों के सम्मान पर चर्चा होगी। सम्मेलन के दौरान ग्राम स्वावलंबन प्रदर्शनी भी लगेगी, जिसमें स्थानीय कारीगरों की कला और उत्पादों को देखने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य पंचायतों को सशक्त बनाना, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।









