ड्रोन कैमरे से हुई मृदा कार्यों की डिजिटल गणना, नौगढ़ में डीएफओ ने किया सघन निरीक्षण

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) ने मंगलवार को उप वन प्रभाग नौगढ़ अंतर्गत मझगाई एवं नौगढ़ रेंज के विभिन्न वृक्षारोपण स्थलों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान अग्रिम मृदा कार्यों की गुणवत्ता और वास्तविक स्थिति का आकलन ड्रोन कैमरे के माध्यम से कराया गया।

निरीक्षण के दौरान डीएफओ ने मझगाई रेंज के कुड़नवा प्रथम, कुड़नवा द्वितीय, लकड़िया बाबा, बरवाटाड़, मरहा नाला, सोडा नाला, सेमरा नाला एवं बैरगाढ़ सहित कई वृक्षारोपण स्थलों का जायजा लिया। इसके अलावा नौगढ़ रेंज के ठेकहा एवं बरवाटांड़ स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। यहां बोनानाली (ट्रेंच) और गड्ढों की ड्रोन तकनीक से डिजिटल गणना कराई गई।

डीएफओ ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी अग्रिम मृदा कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप पूरे कराए जाएं। ड्रोन सर्वे से प्राप्त आंकड़ों का विभागीय अभिलेखों से मिलान किया जाएगा। किसी भी प्रकार की कमी या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने पिछले वर्ष के वृक्षारोपण स्थलों का भी निरीक्षण किया। रोपावनी स्थल ठेकहा तथा जयमोहनी रेंज के बैरहा बंधी और लक्ष्मी टांड़ का निरीक्षण कर पौधों की स्थिति देखी। डीएफओ ने संबंधित वनकर्मियों को नियमित निगरानी, सिंचाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लगाए गए पौधों का बेहतर संरक्षण हो सके।

निरीक्षण के दौरान दो पौधशालाओं का भी जायजा लिया गया। वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग द्वारा लगभग पांच लाख पौधे तैयार किए जा रहे हैं। कुछ स्थानों पर पौधों के सूखने की स्थिति मिलने पर डीएफओ ने नाराजगी जताई और नियमित निराई-गुड़ाई, सिंचाई तथा प्रिकिंग कार्य समयबद्ध ढंग से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पौधों की गुणवत्ता और वृक्षारोपण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर वन दरोगा गुरुदेव सिंह, महेंद्र प्रताप चौहान, रोहित गुप्ता, वनरक्षक शिवपाल सिंह चौहान, बीरबल यादव सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1545
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?