मां विंध्यवासिनी के चरणो में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने टेका माथा, विधि विधान से किया दर्शन पूजन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

राजन

जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

सदर विधायक ने मुख्यमंत्री को कराया दर्शन पूजन

मीरजापुर(उत्तर प्रदेश)। मां विंध्यवासिनी धाम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मां विंध्यवासिनी का विधि-विधान से सपरिवार दर्शन-पूजन किया और प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इसके पूर्व मां विंध्यवासिनी मंदिर में उनके आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान मिर्जापुर सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को मंदिर में दर्शन-पूजन कराया। मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न कराई तथा उन्हें मां का प्रसाद और चुनरी भेंट कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं से की संगठन को मजबूत करने की अपील

विंध्याचल धाम के दर्शन हेतु जाते समय शनिवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का चील्ह क्षेत्र के पुरजागिर बाजार में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल माला और अंगवस्त्र पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और “भारत माता की जय” व “मोदी-योगी जिंदाबाद” के नारों से पूरा बाजार गूंज उठा।

स्वागत के बाद कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने देश और प्रदेश में विकास और सुशासन की नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करके ही एक बार फिर उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाई जा सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं और उनकी मेहनत से ही भाजपा लगातार जीत दर्ज कर रही है।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष भाजपा मिर्जापुर लाल बहादुर सरोज ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की समस्याओं और संगठन की गतिविधियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मिर्जापुर की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही विकास योजनाओं से संतुष्ट है।

स्वागत कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, ब्लॉक अध्यक्ष कोन उमेश तिवारी, भाजपा नेता लव कुश दुबे और मनोज दुबे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया और पार्टी को गांव-गांव तक मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री कुछ देर तक कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद विंध्याचल धाम के लिए रवाना हो गईं।

Leave a Comment

1517
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?