नवीन कुमार
युवती की मां ने लगाया गांव के ही बाप और बेटा पर अपहरण का आरोप
कोन (सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। स्थानीय थाना कोन क्षेत्र के ग्राम कोन बगिया से एक युवती के लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की मां ने थाने में तहरीर देकर गांव के ही तीन लोगों पर बहला-फुसलाकर अपहरण करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रर्मिला देवी पत्नी रामचंद्र निवासी ग्राम कोन बगिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री सोनी कुमारी उम्र लगभग 24 वर्ष की शादी झारखण्ड के थाना चिनिया ग्राम डोल निवासी राधेश्याम से हुई थी जो वर्तमान मे हमारे साथ रह रही थी। वही 25 अप्रैल को सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन की गई, परंतु उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि गांव के ही खुर्शीद आलम उर्फ गोल्डेन पुत्र मंसूर अली, मंसूर अली पुत्र स्व. सोहबत अली तथा सनी देवल पुत्र मंसूर अली निवासी कोन उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं।
पीड़िता की मां ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह आरोपियों के घर जानकारी लेने पहुंचीं तो वहां उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता की मां ने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा अपनी पुत्री की सकुशल बरामदगी की मांग की है।
इस सम्बंध में थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर के जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।





