सीएस पाण्डेय
धनखोर गांव से घर लौटते समय हुआ हादसा, दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
बभनी/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। स्थानीय थाना क्षेत्र के चौना-बहेड़ाडोल में रविवार की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। धनखोर से घर लौटते समय बाइक अनियंत्रित होकर नमामि गंगे विभाग की ओर से बनाई गई पानी की टंकी से टकरा गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों द्वारा उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बहेराडोल निवासी प्रवीण खरवार (35) पुत्र सोना बच्चा रविवार की रात करीब साढ़े 11 बजे बाइक से धनखोर से अपने घर लौट रहे थे। घर पहुंचने से पहले ही उनकी बाइक नमामि गंगे विभाग की ओर से बनाई गई पानी की टंकी से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायल प्रवीण को आनन फानन में तत्काल सीएचसी बभनी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
प्रवीण की मौत से परिवार में मातम छा गया। उनकी दो बेटियां हैं। पति की मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।










