सीएस पाण्डेय
आजमगढ़ के अस्पताल में इलाज के दौरान ली अंतिम सांस, एक पुत्र और दो पुत्रियों के सिर से उठा पिता का साया
बभनी/सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)। स्थानीय शिक्षा खंड बभनी के कम्पोजिट विद्यालय बढ़होर के प्रभारी प्रधानाध्यापक हवलदार यादव का रविवार, 1 नवंबर की रात करीब 10 बजे आजमगढ़ के अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही बभनी के बेसिक शिक्षा विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
हवलदार यादव मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले थे। वह बभनी ब्लॉक की न्याय पंचायत बरवाटोला के अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय बढ़होर में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। सितंबर 2015 में उनकी नियुक्ति उच्च प्राथमिक विद्यालय बढ़होर में गणित एवं विज्ञान के शिक्षक के रूप में हुई थी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दीं।
उनके परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, उनके सहकर्मियों और शिक्षा विभाग के कर्मचारियों में भी शोक व्याप्त है।
खण्ड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार प्रजापति ने शिक्षक हवलदार यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से शिक्षा विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई करना संभव नहीं है।
बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।








