चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास के खिलाफ जयमोहनी रेंज की वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए पम्पिंग सेट जब्त कर सीज कर दिया। आरोप है कि वन भूमि पर वर्ष 2026-27 में कराए गए पौधरोपण को नष्ट कर जमीन को खेती के लिए तैयार किया जा रहा था।

प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर के निर्देशन में वन अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में शुक्रवार को वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली। बताया गया कि जयमोहनी रेंज के धौटवा बीट स्थित कम्पार्टमेंट शिकारगंज-17 में पौधरोपण के पौधों को नष्ट कर वन भूमि पर पम्पिंग सेट के जरिए पानी चलाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने टीम गठित कर मौके पर भेजा। वन विभाग की टीम को देखकर मौके पर मौजूद तैयब पुत्र नूर मोहम्मद निवासी तकिया, जनपद सोनभद्र पम्पिंग सेट छोड़कर मौके से फरार हो गया। टीम ने मौके से पम्पिंग सेट बरामद कर जयमोहनी रेंज कार्यालय पहुंचाया, जहां उसे सीज कर दिया गया।
वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशन में वन अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। जिस स्थान पर पौधों को नुकसान पहुंचाया गया है, वहां दोबारा पौधरोपण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वन भूमि पर कब्जा करने वालों को जमीन खाली करनी होगी। जल्द ही वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ सघन अभियान चलाया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान वन दरोगा सोमेश कुमार, विशाल चन्द्र, वन रक्षक चन्द्रशेखर, प्रमोद कुमार, प्रेम सिंह, मुलायम सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।








