पुलिस एसओजी की संयुक्त टीम ने 2 अंतरराज्यीय तस्कर को किया गिरफ्तार
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है।
क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्र के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह से जुड़े 02 तस्करों को गिरफ्तार कर 220 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 1.10 करोड़ रुपये है। तस्करी में प्रयुक्त EICHER PRO 1075 वाहन (06 पहिया) कीमत लगभग 10 लाख रुपये, 02 मोबाइल फोन एवं 4,000 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। कुल बरामदगी की कीमत लगभग 1.20 करोड़ रुपये आंकी गई है।
रविवार को थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस व एसओजी टीम द्वारा होटल डीआर ड्रीम, सनबीम स्कूल मोड़ तिराहा, ग्राम गेंगुआर के पास चेकिंग की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर हिन्दुआरी तिराहा से कुछ पहले पुल के पास खड़े 6 पहिया वाहन को घेरा गया। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे दोनों व्यक्तियों को रात मे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त – बिरेस पुत्र होराम निवासी ग्राम अद्दरमई, थाना ओसांवा, जनपद बदायूं, उम्र 45 वर्ष , गोविन्द पुत्र सुरेन्द्र, निवासी ग्राम मियारी, पोस्ट अभिबाँव, थाना ओसांवा, जनपद बदायूं, उम्र 25 वर्ष।
वाहन की तलाशी में मालवाहक हिस्से के अग्रिम भाग में लोहे की चादरों को वेल्डिंग कर बनाया गया विशेष गुप्त केबिन मिला, जिसमें 07 बोरों में 220 किलोग्राम गांजा छिपाया गया था। इस संबंध में थाना रॉबर्ट्सगंज पर एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से तस्करों ने बताया कि वे दिल्ली के लोगों के संपर्क में रहकर काम करते हैं। दिल्ली से मिले पैसे से ओडिशा के सुंदरगढ़/कालाहांडी क्षेत्र में जाकर एक व्यक्ति के माध्यम से गांजा लोड कराया और सोनभद्र होते हुए दिल्ली ले जा रहे थे। नेटवर्क के अन्य लोगों को मोबाइल व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चिन्हित किया जा रहा है।
गिरफ्तार करने वाली टीम –
प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह थाना रॉबर्ट्सगंज, प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप वर्मा एसओजी, उ0नि0 विनय कुमार सिंह चौकी प्रभारी हिन्दुआरी, उ0नि0 विष्णु प्रभा सिंह चौकी प्रभारी सुकृत, उ0नि0 धर्मनारायण भार्गव चौकी प्रभारी चुर्क, हे0का0 संजीव राय, संदीप यादव, भरत यादव, रितेश पटेल, मनीष कुमार सिंह, अमरजीत यादव, रामसिंह, रूपेश कुमार, जय किशन पाण्डेय, सत्यम पाण्डेय, जय प्रकाश सरोज, अजीत यादव।






