डबल इंजन सरकार ने बिंद समाज को ठगने का काम किया – अविनाश कुशवाहा
सोनभद्र। घोरावल विधानसभा क्षेत्र के मगरदहा चौराहे पर आयोजित पीडीए जन पंचायत को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं पूर्व मंत्री राजनारायण बिंद ने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी, भुखमरी और किसानों की दुर्दशा बढ़ी है। प्रतिवर्ष 2 करोड़ नौकरी का वादा धोखा साबित हुआ है। महंगाई ने आम आदमी का जीना दुश्वार कर दिया है। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा छलावा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा उत्पीड़न पीडीए वर्ग यानी पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक पर हो रहा है। पुलिस और भाजपा संरक्षित अपराधियों की सांठ-गांठ से पीडीए वर्ग की हत्या और बेटियों से दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी हैं। प्रदेश में 60 प्रतिशत फर्जी एनकाउंटर और पुलिस हिरासत में 60 प्रतिशत मौतें पीडीए समाज की हुई हैं। सरकार जाति देखकर बुलडोजर कार्रवाई कर रही है। भाजपा राज में जितना बिंद समाज का शोषण हुआ, उतना किसी सरकार में नहीं हुआ। उन्होंने अपील की कि गांव-गांव जाकर अखिलेश यादव की नीतियों को पहुंचाएं और 2027 में सपा को जिताएं।
जिला अध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने कभी भी पीडीए का सम्मान नहीं किया। सपा सरकार में बिंद समाज के हित में किए गए सभी कार्यों को बंद कर दिया गया। यह पीडीए विरोधी सरकार है, इसे सत्ता से हटाना जरूरी है।
राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने बिंद समाज को ठगने का काम किया है। सरकारी भर्तियों में पीडीए के आरक्षण में घोटाला हुआ है। पिछले 10 वर्षों में 22 परीक्षाओं में पीडीए के आरक्षित 11514 पदों को सामान्य वर्ग से भर दिया गया, जो बड़ा धोखा है।
जन पंचायत में जिला पंचायत सदस्य सोढ़ा के राजा राम बिंद के नेतृत्व में भाजपा छोड़ दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सपा की सदस्यता ली। मुख्य अतिथि ने माला पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम को वेदमणी शुक्ला, विजय शंकर जायसवाल, कौशल बिंद, मणिचंद कनौजिया सहित जोनल, सेक्टर व बूथ कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया।






