चार हजार मानदेय वृद्धि, पांच लाख तक कैशलेस उपचार और वर्दी के 500 रुपये बढ़ने का किया स्वागत
सोनभद्र। प्रदेश सरकार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में चार हजार रुपये की वृद्धि, पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा और यूनिफार्म के लिए 500 रुपये की बढ़ोतरी किए जाने का आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने स्वागत किया है। आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश की सोनभद्र शाखा ने इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है।
संघ की जिलाध्यक्ष प्रतिमा सिंह ने कहा कि सरकार का यह कदम आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हित में ऐतिहासिक है। मानदेय वृद्धि और कैशलेस इलाज की सुविधा से कार्यकर्ताओं को आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों में बड़ी राहत मिलेगी। वर्दी भत्ता बढ़ाने का भी संघ ने स्वागत किया।
हालांकि संघ ने 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल करने की मांग उठाई है। संघ का कहना है कि घोषणा में 1500 रुपये मूल मानदेय और 2500 रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में बढ़ाए गए हैं। प्रोत्साहन राशि का भुगतान नियमित नहीं हो पाता। कई जिलों में पहले से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि महीनों से लंबित है। कहीं एक-दो महीने की राशि कई महीने बाद तो कहीं साल भर बाद मिलती है। इसलिए 2500 रुपये को मूल मानदेय में जोड़ा जाए ताकि हर महीने निश्चित भुगतान हो सके।
जीपीएस उपस्थिति अव्यावहारिक संघ ने पोषण ट्रैकर एप के माध्यम से केंद्र खोलने और संचालन के लिए लागू जीपीएस आधारित उपस्थिति व्यवस्था को भी अव्यावहारिक बताया। ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या रहती है, कई कार्यकर्ताओं के लिए मोबाइल का नियमित रिचार्ज कराना भी कठिन है। इसके अलावा विभागीय बैठक, प्रशिक्षण, रैली और परियोजना कार्यालय के कार्यों के लिए केंद्र से बाहर जाना पड़ता है, ऐसे में जीपीएस से उपस्थिति दर्ज करना संभव नहीं है।
संघ ने सरकार से प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल करने और जीपीएस उपस्थिति में व्यावहारिक सुधार की मांग की है।
इस मौके पर साधना विश्वकर्मा, सीमा, रेखा, शकुंतला, इंद्रावती, अनीता, ममता, मीरा, विंदा, गीता, मधु, ममता पाठक, संध्या, विभा, सोनी, सविता, माधुरी, निशा खानी, मनोरमा, रंजना, दीप्ति सिंह, सोनम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहीं।







