डीएम चर्चित गौड़ की पहल पर कंपोजिट विद्यालयों में लग रहे कैमरे
सोनभद्र। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और बच्चों को सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण देने के लिए जिला प्रशासन ने तकनीक आधारित पहल शुरू की है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा कंपोजिट विद्यालय कनछ, पेंड़ और धुरकरी में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
सीसीटीवी के माध्यम से कक्षाओं में पठन-पाठन, शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों की उपस्थिति और समयबद्धता, बच्चों की नियमित उपस्थिति और अनुशासन की प्रभावी निगरानी हो सकेगी। इससे विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही मिड-डे-मील तैयार करने और वितरण की व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, विद्यालय परिसर और रसोईघर की साफ-सफाई, बच्चों की सुरक्षा, बाहरी व्यक्तियों के आवागमन और विद्यालय की संपत्तियों की सुरक्षा पर भी नजर रखी जा सकेगी।
विशेष रूप से बच्चों के स्कूल आने से लेकर छुट्टी होने तक परिसर की हर गतिविधि पर नजर रहने से सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। किसी आकस्मिक घटना या अव्यवस्था की स्थिति में वास्तविक स्थिति जानकर त्वरित कार्रवाई करने में भी यह व्यवस्था सहायक होगी।
जिलाधिकारी की इस पहल का उद्देश्य केवल निगरानी नहीं, बल्कि तकनीक के बेहतर उपयोग से विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण, स्वच्छता, अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करना है।







