चंदौली जिले के नौगढ़ बार एसोसिएशन की एक बैठक अध्यक्ष रामचन्द्र यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सबसे पहले तहसील कर्मी उपेन्द्र दुबे के निधन पर शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि दी गई।
इसके बाद बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता विजय बहादुर सिंह के साथ हुए दुर्व्यवहार का मुद्दा उठा। आरोप है कि सीएचसी नौगढ़ के स्वास्थ्य कर्मियों ने वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार किया था। अधिवक्ताओं का कहना है कि इस मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
कार्रवाई न होने से नाराज बार एसोसिएशन ने न्यायिक कार्यों के बहिष्कार का निर्णय लिया है। एसोसिएशन ने कार्रवाई की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी नौगढ़, तहसीलदार नौगढ़, जिलाधिकारी चंदौली और मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंदौली को शिकायत पत्र भेजा है।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि अधिवक्ताओं ने उन्हें पत्र सौंपा है। मामले का संज्ञान लेते हुए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई कराई जाएगी।






