चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के तेंदुआ पुल के पास गुरुवार की रात नशे में धुत तीन बाइक सवारों ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एंबुलेंस से नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सोनभद्र के लोढ़ी अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर लोढ़ी अस्पताल से उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार देउरा निवासी कल्लू उर्फ मंसूर तेंदुआ पुल के पास दुकान खोलकर नाई का काम करता था और वहीं रहता था। गुरुवार की देर रात खाना खाने के बाद वह शौच करने के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कल्लू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और एंबुलेंस को सूचना दी। इसी बीच बाइक पर सवार दो लोग मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायल कल्लू उर्फ मंसूर और बाइक चालक रामप्रवेश निवासी बहेरी को नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां स्वास्थ्य कर्मी शौरभ ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। कल्लू की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सोनभद्र के लोढ़ी अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि बाइक चालक रामप्रवेश को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि बाइक चालक रामप्रवेश के साथ मोटरसाइकिल पर दो अन्य लोग भी सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान मौका देखकर दोनों लोग मौके से फरार हो गए। वहीं बाइक चालक रामप्रवेश को भी चोट आई थी, जिससे वह भाग नहीं पाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि तीनों नशे में थे और तेज रफ्तार से बाइक चला रहे थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
मौत की खबर मिलते ही मंसूर के परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मंसूर के दो बच्चे हैं, जिनमें बड़ा बेटा 10 साल का और छोटी बेटी 8 साल की है। छोटे-छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार यादव ने बताया कि दुर्घटना और मौत की सूचना मिली है। पुलिस जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।






