म्योरपुर, सोनभद्र। थाना क्षेत्र के नधिरा गांव में बुधवार को धान के खेत में खाद डाल रहे किसान को विषैले रसेल वाइपर सांप ने डस लिया। करीब 8 घंटे बाद हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया। नधिरा ग्राम पंचायत निवासी 25 वर्षीय रामनाथ बुधवार दोपहर धान की फसल में खाद डाल रहा था, तभी खेत में मौजूद रसेल वाइपर ने उसके पैर में डस लिया। घटना के समय उसके दोनों बड़े भाई काम पर बाहर गए थे, जिसके कारण उसे तत्काल अस्पताल नहीं ले जाया जा सका। रात करीब 8 बजे भाई घर लौटे तो रामनाथ की हालत बिगड़ चुकी थी। परिजन उसे निजी वाहन से सीएचसी म्योरपुर लेकर पहुंचे। सीएचसी में डॉ. पल्लवी सिन्हा ने युवक को भर्ती कर उपचार शुरू किया। खबर लिखे जाने तक उसका इलाज जारी था।







