संवाददाता – वीरेंद्र कुमार
O- मलिया नदी में अलसुबह छापेमारी से मचा हड़कंप, कई चालक मौके से फरार
विंढमगंज (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के पतरिहा गांव के समीप मलिया नदी में मंगलवार की अलसुबह पुलिस ने अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की। करीब चार बजे मिली सूचना के आधार पर विंढमगंज पुलिस टीम ने नदी क्षेत्र में छापेमारी की। पुलिस की आहट मिलते ही बालू लदे कई ट्रैक्टरों के चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया, जबकि उसका चालक पुलिस को देखते ही मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन को थाने ले आई और उसे सीज कर दिया। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि कनहर और मलिया नदी में कथित तौर पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के जरिए बालू का अवैध खनन और परिवहन किया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक खनन की गई बालू को आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचे जाने की बात भी सामने आती रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि अवैध खनन से जहां नदियों के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं सरकार को मिलने वाले राजस्व की भी क्षति हो रही है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभागों से अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विंढमगंज थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा ने बताया कि मंगलवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में लिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी है। वाहन को सीज कर दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में अवैध खनन और परिवहन नहीं होने दिया जाएगा।






