अशोक नगर के बूथ 448 पर सुना गया प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम
सोनभद्र । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण रविवार को नगर के अशोक नगर स्थित बूथ संख्या 448 पर किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बूथ अध्यक्ष अवनीश मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं सदर ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत रहे।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कारगिल विजय भारत के सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश को अपने वीर सपूतों के बलिदान पर गर्व है और नई पीढ़ी को उनके त्याग से प्रेरणा लेनी चाहिए।
प्रधानमंत्री ने युवाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत के युवा विज्ञान, तकनीक, स्टार्टअप, नवाचार, खेल और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के कोने-कोने में युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर भारत को नई पहचान दिला रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को दोहराते हुए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग तथा नई तकनीकों को अपनाने पर बल दिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और जनभागीदारी से जुड़े सफल प्रयासों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है और सामूहिक प्रयासों से ही देश नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
कार्यक्रम के बाद सदर ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है।
उन्होंने युवाओं से कारगिल के वीर सैनिकों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने तथा शिक्षा, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़कर विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रामचंद्र देव पांडेय, अमरनाथ मिश्रा, मुन्ना जी, रवि, संजय पाठक, मंजू देवी, रीता देवी, गुड़िया देवी, संजय कुमार, आनंद कुमार मिश्रा, संजय चौबे, रामप्रताप लोहार सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।





