सपा कार्यालय में प्रेस वार्ता, जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने शिक्षकों स्नातकों का जताया आभार
सोनभद्र। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय सोनभद्र में एमएलसी चुनाव में जीत को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने कहा कि विधान परिषद स्नातक आशुतोष सिंह एवं शिक्षक लाल बिहारी यादव की दोनों सीटों पर ऐतिहासिक चुनाव परिणाम भाजपा सरकार की जनविरोधी तथा PDA विरोधी नीतियों के खिलाफ शिक्षित वर्ग का खुला जनादेश है।
सांसद खरवार ने कहा कि समाजवादी पार्टी की यह जीत यह संदेश देती है कि प्रदेश का शिक्षित मतदाता बदलाव चाहता है। शिक्षक, कर्मचारी और स्नातक युवा भाजपा की नीतियों से त्रस्त हैं। उत्तर प्रदेश की पांच विधान परिषद सीटों पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों की जीत राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नीतियों और उनके नेतृत्व की जीत है। उन्होंने कहा कि यह जीत 2027 के विधानसभा चुनाव का ट्रेलर है और इसी आधार पर आने वाले दिनों में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में शिक्षकों का सम्मान नहीं हो रहा, पुरानी पेंशन बहाली को लेकर शिक्षक आंदोलित हैं, बेरोजगार नौजवान नौकरी के लिए भटक रहा है। इस चुनाव में PDA वर्ग ने एकजुट होकर भाजपा को करारा जवाब दिया है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि जनपद सोनभद्र के शिक्षित स्नातकों, शिक्षकों और समाजवादी पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का वह आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर इस जीत को सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि सोनभद्र से वाराणसी खंड में बड़ी संख्या में शिक्षकों और स्नातकों ने समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान किया।
इस दौरान शहीद कुरैशी, अनिल यादव, अशोक कुमार, गीता गौड़, नंदकिनी पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।









