27 अक्टूबर को जारी हुई सहायक अध्यापक प्रवक्ता संवर्ग की पदोन्नति सूची, शिक्षकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
म्योरपुर (सोनभद्र)। विगत कई वर्षों से अवरुद्ध पड़ी सहायक अध्यापकों एवं प्रवक्ता संवर्ग (महिला एवं पुरुष) की पदोन्नति की पत्रावलियों पर प्रशासनिक शिथिलता के बाद राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के प्रयासों से आखिरकार सफलता मिल गई। इसको लेकर राजकीय शिक्षक संघ ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल का आभार व्यक्त किया है।
संघ के अनुसार जब पदोन्नति को लेकर शिक्षकों में आक्रोश बढ़ रहा था, तब संघ का एक प्रतिनिधिमंडल प्रांतीय अध्यक्ष अशोक कुमार गौतम, प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सत्यम शिवम सुंदरम, प्रांतीय महामंत्री डॉ. अशोक कुमार अवाक एवं लखनऊ जिला अध्यक्ष अखिलेश अवस्थी के नेतृत्व में जून-जुलाई में निदेशक प्रताप सिंह बघेल से मिला था। उन्होंने पदोन्नति का आश्वासन दिया था।
अपनी प्रशासनिक कुशलता का परिचय देते हुए निदेशक ने पदोन्नति प्रक्रिया को पूर्णता तक पहुंचाया। 27 अक्टूबर 2026 को जब यह बहुप्रतीक्षित पदोन्नति सूची प्रकाशित हुई तो शिक्षकों के मुरझाए चेहरों पर बसंत लौट आया।
प्रांतीय अध्यक्ष अशोक कुमार गौतम, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सत्यम शिवम सुंदरम और महामंत्री डॉ. अशोक कुमार अवाक ने सामूहिक रूप से निदेशक प्रताप सिंह बघेल के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके संवेदनशील निर्णय से हजारों शिक्षकों को न्याय मिला है।









