चंदौली जिले के नौगढ़ स्थित राजकीय महाविद्यालय में महिला सशक्तिकरण पर एक दिवसीय संगोष्ठी हुई। इसमें भाषण और नशामुक्ति पोस्टर प्रतियोगिताएं भी कराई गईं।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना, मिशन शक्ति 6.0 और राजनीति विज्ञान विभाग ने किया। संगोष्ठी का विषय ‘भारत में महिला सशक्तिकरणः संवैधानिक एवं विधिक प्रावधान’ था।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार, मुख्य अतिथि डॉ. सुभाष राम और विशिष्ट अतिथि डॉ. अवधेश कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर फूल चढ़ाए और दीप जलाकर कार्यक्रम शुरू किया। डॉ. सुभाष राम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ओबरा में प्रोफेसर हैं। डॉ. अवधेश कुमार आर्यकन्या महाविद्यालय, प्रयागराज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं।
डॉ. सुभाष राम ने महिला सशक्तिकरण से जुड़े संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 16, 39 और 42 सहित अन्य कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने की जरूरत बताई।
डॉ. अवधेश कुमार ने महिला सुरक्षा पर बात की और घरेलू हिंसा को प्रमुख समस्या बताया। उन्होंने इसकी रोकथाम के लिए जागरूकता और प्रभावी प्रयासों की जरूरत बताई। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने कार्यस्थलों पर महिलाओं के साथ होने वाले शोषण और उत्पीड़न का मुद्दा उठाया। उन्होंने महिलाओं को कानूनी रूप से सशक्त बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
भाषण प्रतियोगिता में दीपज्ञानी प्रथम, जीतू द्वितीय और रिमसा तृतीय रहीं। नशामुक्ति पोस्टर प्रतियोगिता में भी दीपज्ञानी प्रथम रहीं। साजिद खातून दूसरे और नीलम तीसरे स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी डॉ. देवेंद्र नाथ गिरि ने किया। डॉ. सर्वेश कुमार सिंह ने धन्यवाद दिया। इस मौके पर मिशन शक्ति 6.0 के प्रभारी डॉ. कृष्ण कुमार, डॉ. शिवांगी पांडेय, वरिष्ठ सहायक मनीष राज बावरे, महेंद्र कुमार, सोनू, कत्तर और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।









