अमित मिश्रा
सोनभद्र। जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को तुरंत पकड़ लिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। घटना की सूचना मिलते ही रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक मूल रूप से गाजीपुर जनपद का निवासी बताया जा रहा है। उसका कहना है कि वह पिछले चार वर्षों से एक महिला के साथ रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के चंडी तिराहे के पास रह रहा था। युवक का आरोप है कि महिला अब उसे छोड़कर चली गई है और वह किसी तांत्रिक के प्रभाव में है। उसने इस संबंध में कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन उसकी शिकायतों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
युवक का दावा है कि वह गाजीपुर से पैदल चलकर सोनभद्र पहुंचा और अपनी शिकायतों पर सुनवाई न होने से आहत होकर कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने समय रहते उसे रोक लिया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
फिलहाल रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






