संवाददाता – गौरव पाण्डेय
O- टेलीकॉम नेटवर्क पर सेंध लगाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, चोरी के तार की खरीद-फरोख्त करते पकड़े गए आरोपी
रामगढ़ (सोनभद्र) । देशभर में टेलीकॉम नेटवर्क और सार्वजनिक अवसंरचना को निशाना बनाकर होने वाली चोरी की घटनाओं के बीच सोनभद्र पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पन्नूगंज थाना पुलिस ने जियो टावर से चोरी किए गए कॉपर तार के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 2 किलो 900 ग्राम चोरी का कॉपर तार बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार जियो टावर के तकनीशियन दीपक कुमार मौर्य ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पन्नूगंज क्षेत्र में स्थित टावर से अज्ञात चोरों ने कॉपर तार काट लिया था। टेलीकॉम सेवाओं को प्रभावित करने वाली इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सिकड़हवा पुल, भुसौलिया के पास छापेमारी की, जहां दो युवक चोरी के तार की खरीद-फरोख्त कर रहे थे। पुलिस ने मौके से मनीष कुमार (26 वर्ष) निवासी डुमरिया थाना रामपुर बरकोनिया और प्रह्लाद गुप्ता (23 वर्ष) निवासी ब्लॉक रोड रामगढ़ थाना पन्नूगंज को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से लगभग 2.9 किलो कॉपर तार बरामद हुआ। पूछताछ में चोरी के तार की खरीद-बिक्री की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी श्री निवास पाण्डेय का कहना है कि टेलीकॉम नेटवर्क और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वाले अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई को ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रही धातु चोरी की घटनाओं पर बड़ी चोट माना जा रहा है।






