बाल स्वास्थ्य पोषण माह: सीएमओ ने विटामिन ‘ए’ खुराक पिलाकर किया अभियान का शुभारंभ

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक व टीकाकरण जरूर कराएं:डॉ. रमेश कुमार मिश्रा

सोनभद्र। स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित होने वाले विटामिन ‘ए’ समपूरण अभियान माह जून, 2026 चरण का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा एवं अपर मुख्य चिकित्साधिकारी प्रशिक्षण डॉ. गिरधारी लाल द्वारा संयुक्त रूप से नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, राबर्ट्सगंज में बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक पिलाकर किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि आगामी एक माह तक प्रत्येक बुधवार तथा शनिवार को जिले भर के टीकाकरण सत्रों में एएनएम द्वारा बाल स्वास्थ्य पोषण माह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक पिलाएं तथा किसी भी टीके से छूटे हुए 0-5 वर्ष के बच्चों का शत प्रतिशत टीकाकरण अवश्य कराएं। कार्यक्रम की सफलता तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए शुभकामनाएं दीं।


अपर मुख्य चिकित्साधिकारी प्रशिक्षण ने बताया कि विटामिन ‘ए’ वसा में एक घुलनशील विटामिन है जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। विटामिन ‘ए’ की कमी से बच्चों में प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है तथा उनमें रतौंधी, कुपोषण, निमोनिया आदि बीमारियां हो जाती हैं। बाल स्वास्थ्य पोषण माह प्रत्येक वर्ष दो बार स्वास्थ्य एवं बाल विकास विभाग द्वारा संयुक्त रूप से मनाया जाता है। इस कार्यक्रम में 9 माह से 5 वर्ष के प्रत्येक बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक दी जाती है तथा आवश्यकतानुसार उपचार भी कराया जाता है। अति गंभीर कुपोषित बच्चों को चिकित्सालयों/पोषण पुनर्वास केंद्र में संदर्भित किया जाता है।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रेमनाथ, डॉ. जेपीओ सिंह, संजय कुमार सिंह, मो. नसीम, मनोज, मो. बेलाल अहमद, स्टाफ नर्स, एएनएम, आशा तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री उपस्थित थीं।

Leave a Comment

1494
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?