अमित मिश्रा
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद में चोपन थाना क्षेत्र के रजधन गांव में एक विवाहिता का शव फंदे के सहारे घर के अंदर लटकता हुआ मिला जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। वही घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची एयर फोरेंसिक टीम के साथ निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोपन थाना क्षेत्र के रजधन गांव निवासी रानी पत्नी श्यामसुंदर वर्मा ( 28 वर्ष) का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतका का पति श्यामसुंदर वर्मा रोज़गार के सिलसिले में पुणे में मजदूरी करने गया हुआ था और महिला घर पर अकेली रह रही थी। घटना की सूचना पर पहुंची पीआरबी 112 ने मौके से शव को कब्जे में लिया और पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वही घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में भारी भीड़ जुट गई। परिजनों ने इस मामले में किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया और घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह पूरी तरह से अबूझ पहेली बनी हुई है, जिसको लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है और परिजनों द्वारा जताई गई आशंकाओं को भी जांच का हिस्सा मानते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस सभी सवालों के जवाब तलाश रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






