पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चले अभियान में मिली सफलता, देवघर-जामताड़ा में दर्जन भर वारदात कबूलीं
झारखण्ड, जामताड़ा। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई में फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया गया है, जो हत्या, लूट, डकैती और अपहरण जैसे गंभीर मामलों में वांछित था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुफ्फाकीर अंसारी (36 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नारायणपुर थाना क्षेत्र के असनाटांड़ का निवासी है। पुलिस के अनुसार, 22 मार्च 2025 को फतेहपुर-जामताड़ा मुख्य मार्ग स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास हथियार के बल पर पेट्रोल पंप कर्मियों को आतंकित कर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और नकदी लूट ली गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश में जुटी थी। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। उसने देवघर और जामताड़ा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लूट, डकैती और हत्या के करीब एक दर्जन से अधिक मामलों में अपनी भूमिका स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का आपराधिक नेटवर्क काफी बड़ा है और उसके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है। गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ कुल 15 मामले दर्ज हैं, जिनमें भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के अलावा आर्म्स एक्ट के तहत भी केस शामिल हैं। पुलिस टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे दबोचा। इस सफलता से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।





