सी एस पाण्डेय
बभनी (सोनभद्र) । जिले के बभनी थाना क्षेत्र के करमघट्टी गांव में सोमवार को एक 18 वर्षीय युवती का शव पेड़ से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती ने कथित रूप से अपने दुपट्टे के सहारे चिलबिल के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में शोक और चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करमघट्टी गांव निवासी दिलबरन बैगा की 18 वर्षीय पुत्री फूलमती सोमवार दोपहर घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित एक चिलबिल के पेड़ पर फंदे से लटकी मिली। काफी देर तक युवती के घर न लौटने पर किसी को घटना की जानकारी नहीं थी। इसी दौरान बकरी चरा रहे एक चरवाहे की नजर पेड़ पर लटके शव पर पड़ी, जिसके बाद उसने तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी।
घटना की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्राम प्रधान द्वारा पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद बभनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों के अनुसार घटना के समय युवती की मां रिश्तेदारी में पिंडारी गांव गई हुई थी, जबकि पिता गांव के बाहर थे। घर पर युवती अकेली थी। ऐसे में युवती द्वारा यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया गया, इसे लेकर गांव में विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले पर जानकारी देते हुए बभनी प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही युवती की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।







