, प्रदूषण मुक्ति वाहिनी ने की रोकने की मांग
म्योरपुर, सोनभद्र। मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर आए दिन राखड़ की धूल उड़ रही है, जिससे लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। ग्रामीणों को सांस लेने में परेशानी होने लगी है। सिंगरौली प्रदूषण मुक्ति वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने बताया कि बीजपुर एनटीपीसी से राखड़ लदे भारी वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं और जगह-जगह राखड़ सड़क पर गिर जाता है। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को आगे दिखाई नहीं देता और धूल बादल की तरह प्रतीत होती है। वाहिनी के सदस्य अशोक सिंह ने कहा कि राखड़ सड़क पर गिरने से दुर्घटना की आशंका रहती है। सूखे और गीले दोनों प्रकार के राखड़ सूखने के बाद उड़ते हैं। शनिवार को रेणुकूट से म्योरपुर की ओर आ रहे एक बाइक सवार को जमतीहवा नाले के पास राखड़ उड़ने से सामने से आ रहा ट्रक नहीं दिखा। सौभाग्य से कोई दुर्घटना नहीं हुई। पर्यावरण कार्यकर्ता बेचन, प्रशांत दुबे, पीके शर्मा, अमन विश्वकर्मा, दीपक, राजबली और अरविंद ने संबंधित विभाग से सड़क पर गिरे राखड़ को तत्काल हटवाने और राखड़ लदे वाहनों पर रोक लगाने की मांग की है।








