म्योरपुर, सोनभद्र। ब्लॉक के सामाजिक संस्थान बनवासी सेवा आश्रम के विचित्र महाकक्ष में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस पर महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। गोष्ठी में उनके विचारों और आदर्शों पर चर्चा की गई। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गौतम त्रिपाठी ने लोगों से खादी वस्त्र अपनाने का आह्वान किया। इंदुबाला, सर्वजीत सिंह, डॉ. दीनबंधु, विशाल सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि गांधी ने सत्य और अहिंसा को आजादी के आंदोलन का हथियार बनाया और पूरी दुनिया के सामने अहिंसा की मिसाल पेश की। इससे पूर्व आश्रम विद्यालय के छात्रों ने प्रभात फेरी निकाली। गोष्ठी के दौरान छात्रों ने लघु नाटक प्रस्तुत कर सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम में डॉ. विभा, विमल सिंह, देवनाथ सिंह, जगत नारायण विश्वकर्मा, मोती लाल, गिरधारी, सुरेश, नीता, विजय कन्नौजिया, प्रेमदयाल सहित आश्रम के कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और ग्रामीणों ने भाग लिया।ब्लॉक परिसर में ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड और रेंज कार्यालय में जबर सिंह यादव ने गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया।








