–मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर ‘वोट चोरी’ का आरोप, सात को चारों विधानसभाओं में बैठक, आठ को निकलेगा मार्च
सोनभद्र-। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी ने दो से आठ अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ एवं ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान चलाने की घोषणा की है। इसे लेकर शुक्रवार को जिला कार्यालय पर प्रेसवार्ता हुई। जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे और मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। एसआइआर के बाद प्रारूप छह में बदलाव की जरूरत पर भी उन्होंने सवाल उठाया। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर मतदाता सूची में मनमाने तरीके से बदलाव कराया जा रहा है, जिसे सपा नहीं होने देगी।
राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पटेल और पूर्व विधायक रमेश चंद्र दुबे ने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पार्टी के अनुसार सात अक्टूबर को जिले की चारों विधानसभाओं में बैठक कर अभियान की रणनीति बनाई जाएगी। आठ अक्टूबर को ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च बढौली चौराहे से तहसील परिसर रॉबर्ट्सगंज तक निकाला जाएगा। इसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और मुकदमा दर्ज कराने की मांग उठाई जाएगी।
प्रेसवार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव, विजय यादव, अनिल यादव, मो. सईद कुरैशी और डॉ. लोकपति सिंह पटेल समेत पदाधिकारी मौजूद रहे।









