कोन ने मारी बाजी, 77.58 अंक के साथ बना नंबर-1; नगवां सबसे फिसड्डी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सोनभद्र में बेसिक शिक्षा की रैंकिंग जारी

सोनभद्र। बेसिक शिक्षा विभाग ने अगस्त माह की विकासखंडवार प्रशासनिक व शैक्षणिक समीक्षा रिपोर्ट जारी कर दी है। जिला कार्ययोजना प्रगति निगरानी पटल के मुताबिक जनपद का औसत प्राप्तांक 66.65% रहा। इसमें कोन विकासखंड ने 77.58 अंक पाकर पहला स्थान हासिल किया है, जबकि चोपन दूसरे और बभनी तीसरे स्थान पर रहा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय ने टॉप-3 के खंड शिक्षा अधिकारियों विश्वजीत कुमार (कोन), लोकेश कुमार मिश्र (चोपन) और सुनील कुमार (बभनी) को बधाई दी। वहीं करमा 8वें, दुद्धी 9वें और नगवां 10वें पायदान पर रहा।

कहां कौन अव्वल, कहां पिछड़ा

मूल्यांकन के अलग-अलग मानकों में मिलाजुला प्रदर्शन रहा। नामांकन और प्रोन्नति में बभनी, चतरा और कोन ने 100% लक्ष्य पूरा किया, लेकिन प्राथमिक से उच्च प्राथमिक में प्रवेश में बभनी और नगवां पिछड़ गए। निपुण भारत अभियान में कोन और चोपन सबसे आगे रहे। शिक्षकों की उपस्थिति में चोपन, दुद्धी और नगवां बेहतर रहे, पर छात्र उपस्थिति में कोन के 54.44% को छोड़ सभी कमजोर रहे, खासकर दुद्धी और नगवां। दैनिक प्रार्थना और समय-सारिणी अपडेट में सभी ब्लॉकों ने 100% अंक पाए।

चार महीने में 27 अंकों की छलांग, पर नगवां की बड़ी गिरावट

अप्रैल से अगस्त के बीच जिले ने बड़ी प्रगति की है। अप्रैल में औसत 39.03 था, जो 27.62 अंकों के उछाल के साथ अगस्त में 66.65 पर पहुंच गया। इस दौरान कोन सबसे स्थिर रहा, उसने अप्रैल, मई, जुलाई और अगस्त चारों बार प्रथम स्थान बरकरार रखा। सबसे ज्यादा सुधार चोपन ने किया, जिसने 34.37 अंकों की वृद्धि कर लगातार टॉप-2 में जगह बनाई। चिंता की बात नगवां की है। अप्रैल में दूसरे स्थान पर रहा नगवां 8 पायदान लुढ़क कर अंतिम स्थान पर पहुंच गया, उसकी वृद्धि दर 17.47 अंक ही रही, जो जिले में सबसे कम है। दुद्धी ने 29.67 अंक सुधारा फिर भी 9वें पर ही रहा। विभाग ने पिछड़े ब्लॉकों को चिन्हित कर तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1541
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?