शक्तिनगर में “युवा सक्रियता, मीडिया और विकसित भारत” पर संगोष्ठी आयोजित
शक्तिनगर, सोनभद्र। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी परिसर शक्ति नगर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम के तत्वावधान में सोमवार को “युवा सक्रियता, मीडिया और विकसित भारत” विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी के प्रो० विनोद कुमार सिंह रहे। उन्होंने कहा कि “युवा शक्ति ही विकसित भारत की नींव है। आज के दौर में जब युवा अपनी अभिव्यक्ति को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से वैश्विक मंच पर रखता है तो युवा सक्रियता को नई गति मिलती है। प्रधानमंत्री द्वारा घोषित विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवा और मीडिया दोनों ऊर्जा स्रोत के समान हैं।”
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता परिसर की वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ० अपर्णा त्रिपाठी ने युवा संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के अंतर्संबंधों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि सूचना समाज में मीडिया क्रांति को सही दिशा देने में युवा स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं को देश के विकास में बढ़-चढ़कर योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता परिसर के वरिष्ठ प्राध्यापक उदय नारायण पाण्डेय ने की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने का सशक्त माध्यम बन रही है। उन्होंने स्वयंसेवकों से देश की उन्नति में योगदान देने का आह्वान किया।
युवा पत्रकार रोहित कुमार विश्वकर्मा ने वर्तमान सामाजिक व्यवस्था में युवा शक्ति के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों और उनके समाधान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी इकाई प्रथम डॉ० छोटे लाल प्रसाद ने किया। इस अवसर पर डॉ० ओम प्रकाश यादव, डॉ० प्रभाकर लाल, अम्बरीश, रविकांत कुशवाहा, अमित कुमार सिंह सहित हिमांशु, राहुल सोनी, पंकज, साल्वी, अजय, अमृत लाल, नीरज, समीर, प्रभा, खुशबू, ममता, अंजलि आदि स्वयंसेवकों का सहयोग सराहनीय रहा।





