45वें महोत्सव में विभिन्न विधाओं की विभूतियां हुईं सम्मानित
लोकगीत, करमा, कोलदहकी और नटुआ नृत्य से सजी रात, ‘पुष्कर’ को मिला बाबू विष्णु राव पराणकर सम्मान
घोरावल (सोनभद्र)। शिवशक्ति लोक संगीत रंगमंच के तत्वावधान में वर्षों की परंपरा से चल रहे महोत्सव कार्यक्रम का 45वां महोत्सव शिवद्वार में आयोजित हुआ। महोत्सव में लोकगीत गायन-वादन की शाम से शुरू लंबी श्रृंखला अगले दिन देर सुबह तक चली, जिसमें इसके अतिरिक्त लोक नृत्य करमा, कोलदहकी तथा नटुआ का जीवंत मंचन भी अत्यंत आकर्षक एवं सम्मोहक रहा।
कार्यक्रम की कड़ी में तीन सम्मान समारोह आयोजित हुए, जिसमें भोजपुरी कवि सम्राट मुंशी मंगल लाल चिर स्मृति सम्मान से सोहन लाल मौर्य को सम्मानित किया गया, तो सिद्ध संत पंडित शीतला प्रसाद शुक्ल चिर स्मृति सम्मान से रामलाल सम्मानित हुए। साहित्यकार एवं पत्रकार डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव “पुष्कर” को 40 वर्ष पत्रकारिता सेवा पूर्ण करने एवं साहित्य सेवा के पांच दशक की पूर्णता के उपलक्ष्य में पत्रकारिता के भीष्म पितामह बाबू विष्णु राव पराणकर सम्मान से मंच से अलंकृत किया गया।
तीनों महानुभावों को अंगवस्त्रम, स्मृति चिन्ह के साथ प्रमाण पत्र अर्पित कर सम्मानित करने वाले अतिथियों में कार्यक्रम अध्यक्ष पंडित राम निवास शुक्ल, मुख्य अतिथि संजय यादव, विशिष्ट अतिथि डॉ लोक पति पटेल शामिल रहे। सम्मान समारोह के पूर्व अतिथियों को आयोजक अध्यक्ष मुन्नर यादव तथा डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव ‘पुष्कर’ ने अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया।
समूची निशा प्रवाहमान सारस्वत आयोजन में अवनीश यादव, राजू यादव, राजेन्द्र प्रसाद मौर्य, कमलेश पाल, दीना नाथ, गीता रानी, राजकुमारी, संतोष, राजेन्द्र पटेल, कमलेश विश्वकर्मा, हीरा पति यादव, सोहन लाल मौर्य, लल्लू भारतीय, विनोद चौरसिया, दीना नाथ यादव, बालेश्वर यादव, श्याम देव संदल, दयाराम प्रजापति के साथ ही नटुआ नृत्य, कर्मा नृत्य तथा कोल दहकी जैसी लुप्तप्राय परंपराओं को शाश्वत करते इनकी टोलियों ने सजीव प्रस्तुति दी। इसके अलावा अन्यान्य लोक कलाकारों ने भी अद्भुत प्रदर्शन कर वाहवाही लूटी।
सफल संचालन शेषधर पॉल ने किया तथा अतिथियों व श्रोताओं का आभार ज्ञापन आयोजन समिति के अध्यक्ष मुन्नर यादव ने किया।









