मारकुंडी घाटी के वीर लोरिक पत्थर परिसर में हुआ विराट आयोजन
ऐतिहासिक स्थल को पर्यटन मानचित्र में शामिल करने की उठी मांग; पुजारी ने मौसम और चुनाव को लेकर की भविष्यवाणी
सोनभद्र। मारकुंडी घाटी स्थित वीर लोरिक पत्थर परिसर में मंगलवार को गोवर्धन पूजा समिति एवं संरक्षक मंडल की ओर से विराट ऐतिहासिक गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद पुजारी राजेंद्र यादव ने खौलते दूध से स्नान कराकर पूजा का शुभारंभ किया। आयोजन में विभिन्न जाति-धर्म और राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े लोगों की सहभागिता रही। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद डीपी यादव, एमएलसी लाल बिहारी यादव और सांसद छोटेलाल खरवार रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा, सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव और पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, रमेश दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
पूजन के दौरान पतिवाह बाबा राजेंद्र यादव ने मौसम और आगामी राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर अपनी भविष्यवाणी रखी। उन्होंने कहा कि कार्तिक महीने में बूंद-बूंद बारिश होगी। अगहन महीने के पिछले पखवाड़े में भी बारिश होगी और पुस महीने में भी पानी बरसेगा। उन्होंने आगामी चुनावी वर्ष में बड़े बदलाव की संभावना जताई।
इस दौरान गोवर्धन पूजा समिति के संरक्षक मंडल के सदस्य एडवोकेट रोशन लाल यादव ने आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए वीर लोरिक पत्थर परिसर को पर्यटन मानचित्र में शामिल करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यह स्थल सभी जाति-धर्म के लोगों की आस्था और सामाजिक एकता का संगम है। प्रदेश सरकार को इस ऐतिहासिक स्थल का सर्वांगीण विकास कराना चाहिए, जिससे इसकी पहचान पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित हो सके।
कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट दयाराम यादव ने किया।
प्रमुख रूप से अनिल यादव, जय प्रकाश पांडेय, सुनील गोंड, विजय यादव, रमेश यादव, फूलवंती देवी, राम वृक्ष यादव, चेखुर पांडेय, केपी यादव, तेजधारी यादव और सईद कुरैशी उपस्थित रहे।
आयोजन में गोवर्धन पूजा समिति के सदस्य परमेश्वर यादव, चंद्रभूषण यादव, दयाराम यादव, कमला यादव, गुलाब यादव, जगनारायण यादव, कामता यादव, लालब्रत यादव, अनिल प्रधान, ओमप्रकाश यादव और इंद्रजीत यादव ने सक्रिय भूमिका निभाई।









