रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन ने ऑटो को मारी टक्कर, चालक समेत दो की मौत, चार गंभीर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)।  तेज रफ्तार का कहर लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में रीवा–रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में अज्ञात वाहन ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

हादसा दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सामने से आ रहे ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त ऑटो में चालक समेत कुल छह लोग सवार बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही दुद्धी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने ऑटो चालक विवेक कुमार (करीब 30 वर्ष) समेत दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं चार अन्य घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर मारने वाला वाहन हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर फरार वाहन की पहचान करने में जुटी है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है। लगातार बढ़ते सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर निगरानी बढ़ाने और सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।

Leave a Comment

1449
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?