भूमि विवाद में पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीम को मौके पर जांच का निर्देश, समयबद्ध निस्तारण पर जोर
सोनभद्र। शनिवार को तहसील घोरावल में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याओं को सुना गया। अधिकारियों द्वारा प्रत्येक शिकायत को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
भूमि विवाद एवं अन्य राजस्व संबंधी मामलों के संबंध में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर जांच करते हुए प्रकरणों का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे फरियादियों को अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं न्यायोचित समाधान हो सके।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित करते हुए निर्देशित किया गया कि प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार कार्यवाही करते हुए निस्तारण की गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।
इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण द्वारा अपने-अपने सर्किल अंतर्गत संबंधित तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित होकर फरियादियों की समस्याओं को सुना गया तथा पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं नियमानुसार निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।









