नौ दिवसीय श्रीकृष्ण रासलीला में वृंदावन के कलाकार करेंगे मंचन, 18 मार्च को होगा भव्य समापन
सोनभद्र। भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता व धर्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री रासलीला समिति द्वारा वृंदावन की विश्व प्रसिद्ध रासलीला का मंचन नगर के श्री रामलीला मैदान में 10 मार्च 2027 से किया जाएगा। जिसकी तैयारी को लेकर शुक्रवार की देर रात रामलीला मैदान के बांके बिहारी सीता विवाह मंडपम में आयोजन समिति की बैठक कर पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए समिति के संयोजक रामप्रसाद यादव ने बताया कि दिनांक 10 मार्च 2027 से 18 मार्च 2027 तक प्रतिदिन शाम 7:00 बजे से लेकर रात्रि 10:30 बजे तक श्री कृष्ण की रासलीलाओं का मंचन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वृंदावन के सुप्रसिद्ध कलाकारों द्वारा किया जाएगा।
जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव, बाललीला, माखन चोरी, पूतना वध, कंस का अत्याचार व विश्व प्रसिद्ध बरसाने की लठमार होली सहित श्री कृष्ण की विभिन्न लीलाओं का मंचन कलाकारों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।
वहीं वर्ष 2026 के आय-व्यय का लेखा कोषाध्यक्ष सत्येंद्र पांडेय ने प्रस्तुत किया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे संरक्षक धर्मेश सिंह खरवार ने आए हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अशोक कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट, आशीष अग्रवाल, विनोद केशरी, महामंत्री धीरज जालान, कोषाध्यक्ष सत्येंद्र पाण्डेय, सुशील पाठक लोढ़ी, डॉ गोविंद सिंह, मनोज यादव, पवन पाण्डेय, अनिल पाण्डेय, संजय पाण्डेय, राजेश सोनी, राकेश कुमार गुप्ता, राकेश कनौजिया, हर्षवर्धन, पुंडरीक पांडेय इत्यादि लोग उपस्थित रहे।









