दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ शुभारंभ, विशेषज्ञों से मिलेगा सर्वाइकल, माइग्रेन, घुटना दर्द सहित कई रोगों का परामर्श
अनपरा (सोनभद्र)। हिंडालको रेनुसागर के यूनिट हेड आर. पी. सिंह के मार्गदर्शन में हिंडालको रेनुसागर के तत्वावधान में पैराडाइज प्रेक्षागृह में पांच दिवसीय प्राकृतिक चिकित्सा, एक्यूप्रेशर एवं सुजोक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ हिंडालको रेनुसागर के मेंटेनेंस हेड जगदीश पात्रा, हेड एचआर आशीष पांडेय एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकुल बिंद्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मेंटेनेंस हेड जगदीश पात्रा ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही सुखी एवं सफल जीवन का आधार है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में अनियमित दिनचर्या, तनाव और खानपान की गलत आदतों के कारण अनेक स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। ऐसे में प्राकृतिक चिकित्सा, एक्यूप्रेशर एवं सुजोक जैसी वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना बेहद महत्वपूर्ण है।
हेड एचआर आशीष पांडेय ने कहा कि हिंडालको रेनुसागर प्रबंधन कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है। इस पांच दिवसीय शिविर का उद्देश्य केवल उपचार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने लाभार्थियों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा विशेषज्ञों द्वारा दी जाने वाली सलाह को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकुल बिंद्रा ने प्राकृतिक चिकित्सा एवं वैकल्पिक उपचार पद्धतियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा शरीर को स्वस्थ रखने और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। एक्यूप्रेशर एवं सुजोक जैसी पद्धतियां भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक हैं।
शिविर में सेवा दे रहे शिव आरोग्य प्राकृतिक चिकित्सा सेवा संस्थान श्रीगंगानगर राजस्थान से आए एम.डी. एक्यूप्रेशर डॉ. गुलाबराम ने बताया कि इस शिविर में सर्वाइकल, माइग्रेन, पीठ का दर्द, पसलियों का दर्द, हाथों में कंपन, घुटनों का दर्द, थायराइड, स्लिप डिस्क, फ्रोजन शोल्डर, चक्कर आना, साइटिका पेन, हाथ-पांव सुन्न होना, कब्ज, गैस, सिरदर्द, गठिया, बवासीर, गुर्दे की पथरी, बच्चों का बिस्तर गीला करना, तोतला बोलना, हकलाना, एड़ी में दर्द, मोटापा, बीपी का बढ़ना-घटना, नाभि का खिसकना, लकवा, शुगर, सांस की तकलीफ का इलाज इस विधि द्वारा किया जाएगा।
पांच दिवसीय इस शिविर के माध्यम से लाभार्थियों को प्राकृतिक चिकित्सा, एक्यूप्रेशर एवं सुजोक चिकित्सा की विभिन्न तकनीकों की जानकारी तथा विशेषज्ञों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर बृजेश वर्मा, सदानन्द पांडेय, रमेश वर्मा एवं सुशील श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।









