संदिग्ध परिस्थितियों में साड़ी के फंदे से लटकता मिला महिला का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सीएस पाण्डेय

O- फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार; पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

बभनी (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक 23 वर्षीय विवाहिता का शव घर के कमरे में साड़ी के फंदे से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना बभनी थाना क्षेत्र के अहिरबुढवां गांव स्थित मनरूटोला की है। मृतका के परिजनों ने हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार मनरूटोला निवासी मानकुंवर (23) पत्नी राजू का शव शनिवार देर रात घर के बाहर बने कमरे में साड़ी के फंदे के सहारे लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

परिजनों के मुताबिक शनिवार रात पति-पत्नी भोजन करने के बाद सो गए थे। रात करीब एक बजे पति पानी पीने के लिए उठा तो उसने पत्नी को कमरे में फंदे से लटका देखा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही बभनी थाना प्रभारी निरीक्षक डी.पी. यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। रविवार सुबह फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वीडियोग्राफी कर साक्ष्य एकत्र किए। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया गया।

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब मृतका के पिता धनशाय, निवासी कनवा बरवाटोला, ने अपनी पुत्री की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती थी और उसकी हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

स्थानीय लोगों के अनुसार घटना से कुछ दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।

पुलिस का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान आत्महत्या, हत्या और पारिवारिक विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों की निगाहें अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं, जिससे महिला की मौत की असली वजह सामने आ सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है तथा जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?