अमित मिश्रा
O- चोपन और बीजपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, फरार साथियों की तलाश जारी
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) । वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चोपन और बीजपुर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की कुल 08 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत चोपन थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बिना नंबर प्लेट लगी एक संदिग्ध अपाचे बाइक के साथ एक युवक क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ और वाहन के सत्यापन में बाइक चोरी की निकली।
इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर बग्घा टोला स्थित एक खंडहर मकान में छापेमारी की गई, जहां से चोरी की तीन अन्य मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश गोंड़ निवासी गड्डूडीह कला, थाना चोपन के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों राहुल गोंड़, दीपक यादव और रोशन यादव के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी के वाहनों को बेचने की तैयारी चल रही थी। पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है।
इसी क्रम में बीजपुर थाना पुलिस ने भी उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश सीमा क्षेत्र के सिरसोती के पास घेराबंदी कर एक अन्य शातिर वाहन चोर रामदहेल प्रजापति को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की 04 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
बरामद वाहनों का ई-चालान एप और अन्य तकनीकी माध्यमों से सत्यापन कराया गया, जिसमें कई वाहन विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित पाए गए। पुलिस के अनुसार बरामद वाहनों में अपाचे, हीरो स्प्लेंडर, होंडा ड्रीम योगा और आरटीआर जैसी मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में सक्रिय वाहन चोर गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
सोनभद्र पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस का मानना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद जिले में वाहन चोरी के कई और मामलों का खुलासा हो सकता है।






