बाहर का दूध पिलाते ही नवजात की तड़पकर मौत
म्योरपुर (सोनभद्र)। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र म्योरपुर में 12 घंटे पहले जन्मे नवजात की बाहर का दूध पिलाने से तड़पकर मौत हो गई। बच्चे के श्वांस नली में दूध फंस जाने से मौत होना कारण बताया जा रहा है। परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के बेलहत्थी के निहाई पत्थर गांव निवासी 22 वर्षीय फूलकुंवर पत्नी रामसुंदर ने मंगलवार की सुबह म्योरपुर सीएचसी में एक बच्ची को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि 12 घंटे बाद शाम पांच बजे बच्ची को बाहर का पाउडर वाले दूध का सेवन कराया गया। दूध बच्ची के श्वांस नली में फंस गया और उसकी हालत बिगड़ गई। कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का आरोप है कि जब बच्चे की मां ज्यादा बीमार थी तो बच्चे को दूध स्टाफ को पिलाना चाहिए था और उचित देखभाल करनी चाहिए थी। परिजनों ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की।
परिजन प्रसूता को अस्पताल से घर ले जाने के लिए एंबुलेंस की मांग करने लगे। लगभग छह घंटा बीत जाने के बाद भी एंबुलेंस नहीं मिली। प्रसूता के जेठ कमला खरवार अस्पताल कर्मियों के सामने गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन उनकी फरियाद सुनने वाला कोई नहीं मिला। अंत में रात एक बजे निजी वाहन से शव और बीमार महिला को परिजन घर ले गए।
इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. शिशिर श्रीवास्तव का कहना है कि बच्चे की मौत श्वांस नली में दूध फंसने से हुई है। पीड़िता को अस्पताल से छुट्टी नहीं दिया जा रहा था क्योंकि वह खुद ज्यादा बीमार थी, जिसके जान को भी खतरा था।
सीएचसी जाने से किया इनकार, अब सीएचसी नहीं जाएंगे
नवजात की मौत के बाद लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रसूता के जेठ कमला खरवार ने बुधवार को बताया कि रानीताली में छोटे भाई की पत्नी का इलाज करा रहा है। कहा कि अब तो सीएचसी में भूल कर भी नहीं जायेंगे। कहा कि स्टाफ लापरवाह है और चिकित्सक परवाह नहीं करते तथा जिम्मेदारी पूर्वक कार्य नहीं करते।









