O- सोनभद्र की बेटी प्रीति शाक्य ने FMGE पास कर बढ़ाया जिले का मान
अमित मिश्रा
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) । कहते हैं, मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है। सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज की विकास नगर कॉलोनी की बेटी प्रीति शाक्य ने इस कहावत को सच कर दिखाया है।
प्रीति ने फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (FMGE) की परीक्षा पास कर चिकित्सा जगत में कदम रख दिया है। उनकी इस सफलता से पूरे जनपद में खुशी की लहर है।
प्रीति, रॉबर्ट्सगंज के वरिष्ठ अधिवक्ता विकास शाक्य की छोटी पुत्री हैं। उन्होंने रूस की प्रतिष्ठित कज़ान स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी से वर्ष 2022 में 6 वर्षीय एमबीबीएस का पाठ्यक्रम पूर्ण किया और स्वदेश लौटीं।
स्वदेश लौटने के बाद उनका संघर्ष शुरू हुआ। FMGE की परीक्षा में वह लगातार चार बार बैठीं, लेकिन हर बार 1-2 नंबरों से सफलता उनसे दूर रह गई। कई लोग इस स्थिति में हार मान लेते हैं, लेकिन प्रीति ने हार नहीं मानी।
उन्होंने पांचवीं बार पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दी और इस बार कुल 165 नंबर के स्कोर के साथ परीक्षा में सफलता हासिल कर ली। अब वह आधिकारिक रूप से डॉक्टर बनने की राह पर हैं।
प्रीति की सफलता सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरे सोनभद्र की सफलता है।
पिता ने कहा – बेटियों को पढ़ाओ
प्रीति के पिता विकास शाक्य मूल रूप से विंध्यमगंज के रहने वाले हैं। उन्होंने रॉबर्ट्सगंज में वकालत करते हुए अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाई।
उनके परिवार में शिक्षा की परंपरा रही है। उनकी बड़ी पुत्री आर्किटेक्चर के क्षेत्र में हैं, जबकि छोटी पुत्री प्रीति अब डॉक्टर बन गई हैं। बड़ा पुत्र एग्रीकल्चर में पीजी की पढ़ाई कर रहा है, वहीं छोटा पुत्र दून लॉ कॉलेज से एलएलबी पूर्ण कर ज्यूडिशियल सर्विस की तैयारी में जुटा है।
बेटी की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए विकास शाक्य ने कहा, “बेटियों को पढ़ाना सबसे बड़ा निवेश है। अगर बेटी को मौका दिया जाए, तो वह पूरे परिवार और जिले का नाम रोशन कर सकती है।”
प्रीति की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि छोटे जिले की बेटियां भी बड़े सपने देख सकती हैं और उन्हें पूरा भी कर सकती हैं।









