नौगढ़ में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महिला की मौत, झाड़ू लगाते समय हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के बजरडीहां गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मृत्यु हो गई। यह घटना तब हुई जब महिला अपने घर के बाहर सफाई कर रही थी।

जानकारी के अनुसार, बजरडीहां निवासी 65 वर्षीय शकुंतला देवी पत्नी रामचंद्र मद्धेशिया शनिवार को अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते आकाशीय बिजली उन पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं।

महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी और शकुंतला देवी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी विकास मित्तल ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने सर्किल लेखपाल और चकरघट्टा थाना प्रभारी संतोष कुमार को मौके पर भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया।

मृतका अपने पीछे छह बच्चे छोड़ गई हैं। इनमें केवल बड़े पुत्र सूरज का विवाह हुआ है, जबकि नीरज, शनि, धीरज, विवेक और ज्योति अविवाहित हैं।

उप जिलाधिकारी विकास मित्तल ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त होते ही आवश्यक कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि पीड़ित परिवार को शासन स्तर से मिलने वाली आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?