सी एस पाण्डेय
O- बभनी थाना क्षेत्र के देवरिहवां पुल के पास हुआ दर्दनाक हादसा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बभनी (सोनभद्र) । जिले के बभनी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवरिहवां गांव निवासी हंसलाल (45) पुत्र स्वर्गीय त्रिवेणी प्रसाद शनिवार शाम करीब पांच बजे बाइक से अरझट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान देवरिहवां पुल के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल के नीचे जा गिरी। हादसे में हंसलाल के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

स्थानीय ग्रामीणों ने जब बाइक और घायल अवस्था में पड़े हंसलाल को देखा तो मौके पर भीड़ जुट गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिवार पर अचानक आए इस दुख के पहाड़ से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा बभनी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर शिवमूरत यादव मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया।
प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे, सावधानी बेहद जरूरी
ग्रामीण क्षेत्रों में खराब सड़कें, तेज रफ्तार और पुलों के किनारे सुरक्षा व्यवस्था की कमी कई बार जानलेवा साबित हो रही है। प्रशासन से भी ऐसे स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग उठ रही है।






