मोबाइल विवाद के बाद महिला ने कुएं में कूदकर दी जान, 3 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

वीरेंद्र कुमार

O- विंढमगंज थाना क्षेत्र के धूमा गांव में दर्दनाक घटना, परिवार में मचा कोहराम

विन्ढमगंज (सोनभद्र) । जिले के विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धूमा ग्राम पंचायत में शनिवार शाम एक दर्दनाक घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। देवी धाम के समीप स्थित सरकारी कुएं में एक महिला ने कथित तौर पर छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पूजा देवी (25 वर्ष) पत्नी अर्जुन गोंड निवासी धूमा ग्राम पंचायत शनिवार शाम करीब चार बजे अचानक गांव के पास स्थित सरकारी कुएं में कूद गईं। कुएं में काफी गहराई तक पानी भरा होने के कारण महिला को तत्काल बाहर नहीं निकाला जा सका।

ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी के बीच मोबाइल फोन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सुनील कुमार राय, महफूज अली और सियाराम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुएं में लगभग 25 फीट गहरा पानी होने के कारण ग्रामीणों और प्रशासन को शव निकालने में करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। देर शाम महिला का शव बाहर निकाला जा सका।

सूचना पाकर पड़ोसी गांव केवल से मृतका के पिता भीम सिंह और भाई रामलाल भी मौके पर पहुंचे। बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी मोर्चरी हाउस भेज दिया है। उपनिरीक्षक सुनील कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है तथा मायके पक्ष से प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घरेलू विवाद बन रहे गंभीर घटनाओं की वजह

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है। छोटी-छोटी बातों पर बढ़ते तनाव और पारिवारिक विवाद कई बार गंभीर घटनाओं का रूप ले लेते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि परिवारों में संवाद और मानसिक सहयोग बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?