नौगढ़ में आवारा कुत्तों का बढ़ा आतंक, तीन सप्ताह में 131 लोग बने शिकार, 8 वर्षीय मासूम पर भी हमला

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते तीन सप्ताह के भीतर 131 लोग कुत्तों के काटने का शिकार हो चुके हैं। लगातार बढ़ रहे मामलों से क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल है। घायलों का उपचार नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एंटी रेबीज वैक्सीन लगाकर किया जा रहा है।

ताजा मामला मंगलवार का है। नौगढ़ खास निवासी 8 वर्षीय बालक बाल कृष्णा अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया और काट लिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कुत्ता भाग चुका था।

घटना के बाद परिजन बिना देर किए बाल कृष्णा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लेकर पहुंचे, जहां डॉ. सुनील कुमार ने उसका प्राथमिक उपचार करते हुए एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाया। चिकित्सकों ने बच्चे की हालत सामान्य बताते हुए निर्धारित समय पर सभी वैक्सीन लगवाने की सलाह दी।

सीएचसी नौगढ़ के चिकित्सा प्रभारी डॉ. अवधेश पटेल ने बताया कि कुत्ता, बिल्ली या बंदर के काटने की स्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। प्रभावित व्यक्ति को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एंटी रेबीज वैक्सीन लगवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार नहीं मिलने पर रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी का खतरा बढ़ सकता है।

क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे कुत्तों के हमलों को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और प्रभावी नियंत्रण अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?