नौगढ़ में आंधी-तूफान से पर्यटन स्थलों पर भारी तबाही, करोड़ों की परियोजनाएं क्षतिग्रस्त

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले नौगढ़ में 13 मई को आए भीषण आंधी-तूफान ने नौगढ़ क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं और खराब मौसम की चपेट में आकर करोड़ों रुपये की लागत से विकसित औरवाटांड तथा छानपाथर जलप्रपात पर बने कई महत्वपूर्ण ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए। वन विभाग को इस प्राकृतिक आपदा से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

जानकारी के अनुसार, औरवाटांड जलप्रपात पर पर्यटकों की सुविधा के लिए स्थापित सुवेनियर शॉप, प्रशासनिक भवन (एडमिन ब्लॉक), विद्युत वायरिंग, टीनशेड तथा शौचालयों की छतें तेज आंधी में उखड़ गईं। कई स्थानों पर लोहे की संरचनाएं मुड़ गईं, जबकि भवनों की छतें उड़कर दूर जा गिरीं। इससे पर्यटन स्थल की व्यवस्थाएं पूरी तरह प्रभावित हो गई हैं।

वहीं, छानपाथर जलप्रपात के गौलाहट क्षेत्र में बने सुवेनियर शॉप और एडमिन ब्लॉक भी आंधी-तूफान के कारण गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। पर्यटकों के बैठने और अन्य सुविधाओं के लिए बनाए गए ढांचों को भी नुकसान पहुंचा है।

गौरतलब है कि औरवाटांड और छानपाथर जलप्रपात अपनी प्राकृतिक सुंदरता और रोमांचक वातावरण के कारण बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। ऐसे में पर्यटन सुविधाओं के क्षतिग्रस्त होने से यहां की पर्यटन गतिविधियों पर अस्थायी असर पड़ने की संभावना है।

वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि तेज आंधी-तूफान के चलते पर्यटन स्थलों पर स्थापित करोड़ों रुपये लागत के ढांचों को व्यापक क्षति पहुंची है। विभाग द्वारा नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सुविधाओं की जल्द मरम्मत कर पर्यटकों के लिए व्यवस्थाएं पुनः सुचारू की जाएंगी।

Leave a Comment

1472
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?